संसदीय शब्दावली एक नजर में -Parliamentary Vocabulary Master Parliamentary Terms
संसदीय शब्दावली एक नजर में -Parliamentary Vocabulary Master Parliamentary Terms
स्थगन प्रस्ताव
▪️स्थगन प्रस्ताव किसी लोक महत्व के मामले पर पेश किया जाता है । जब ये स्वीकार कर लिया जाता है तब लोक महत्व के कार्य के लिए सदन का नियमित कार्य रोक दिया जाता है ।इस प्रस्ताव को पेश करने के लिए न्यूनतम 50 सदस्यों की स्वीकृति जरूरी है ।
धन विधेयक
▪️संसद में राजस्व एकत्र करने या अन्य प्रकार के धन के संबंधित विधेयक को धन विधेयक कहा जाता है । धन विधेयक केवल लोकसभा में ही पेश किया जाता है । धन विधेयक को पुन:विचार के लिए राष्ट्रपति लौटा नहीं सकता ।
विनियोग विधेयक
▪️विनियोग विधेयक में भारत की संचित निधि पर भारित व्यय की पूर्ति के लिए धन तथा सरकार के खर्च के लिए अनुदान की मांग शामिल होती है । भारत में संचित निधि में से कोई भी धन विनियोग विधेयक के अधीन ही निकाला जा सकता है ।
अविश्वास प्रस्ताव
▪️यह प्रस्ताव लोकसभा या विधानसभा में विपक्षी दलों द्वारा लाया जाता है । दरअसल ये प्रस्ताव सत्तारूढ पार्टी या गठबंधन के बहुतमत की परीक्षा होती है...। अगर ये प्रस्ताव पारित हो जाता है तो मंत्रिपरिषद् को इस्तीफा देना पड़ता है । सरकार गिर जाती है ।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव (Calling Attention Motion)
▪️संसद में किसी सदस्य द्वारा अविलंबनीय लोक महत्व के मुद्दे पर संबंधित मंत्री का ध्यान आकर्षित करने और उस पर आधिकारिक बयान प्राप्त करने की एक प्रक्रिया है। 1954 से प्रभावी यह भारतीय संसदीय नवाचार प्रश्नकाल के बाद लाया जाता है, जिस पर चर्चा व मतदान नहीं होता, लेकिन मंत्री को स्पष्टीकरण देना होता है।
अध्यादेश
▪️जब संसद का अधिवेशन नहीं चल रहा हो और किसी विशेष उद्देश्य के लिए कानून की आवश्यकता हो, तो राष्ट्रपति अध्यादेश जारी कर सकता है । इस अध्यादेश का प्रभाव संसद द्वारा निर्मित कानून जैसा ही होगा ।
प्रश्नकाल (Question Hour 11 से 12 बजे)
▪️प्रश्न पूछने और उत्तर देने के लिए उपलब्ध सदन की प्रत्येक बैठक का एक घंटा (नियम 38) लोकप्रिय रूप से प्रश्नकाल के रूप में जाना जाता है।
शून्य काल (zero hour, 12 से 1 बजे)
▪️संसद के दोनों सदनों में प्रश्न काल के ठीक बाद के समय को शून्य काल कहा जाता है । शून्य काल का लोकसभा या राज्यसभा की प्रक्रिया तथा संचालन नियम में कोई उल्लेख नहीं है ।
सदन का स्थगन(Adjournment)
▪️स्थगन द्वारा सदन के कामकाज को विनिर्दिष्ट समय के लिए स्थगित कर दिया जाता है। यह शक्ति सदन के पीठासीन अधिकारी (जैसे लोकसभा अध्यक्ष) के पास होती है, जो सदन का सत्र नहीं, बल्कि बैठक खत्म करते हैं।यदि स्थगन बिना किसी समय सीमा के किया जाता है (बैठक समाप्त की जाती है), तो इसे अनिश्चित काल (sin die) के लिए स्थगन कहा जाता है ।
सत्रावसान
▪️संविधान के अनुच्छेद 85(2)(क) के तहत राष्ट्रपति द्वारा जारी आदेश द्वारा सदन के सत्र का समापन। सामान्यतः, सदन के पीठासीन अधिकारी द्वारा सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के कुछ दिनों बाद राष्ट्रपति सत्र के सत्रावसान की सूचना जारी करते हैं। सदन के सत्रावसान पर सभी लंबित सूचनाएं निरस्त हो जाती हैं।
संसद का संयुक्त सत्र
▪️भारत के राष्ट्रपति द्वारा बुलाया जाता है (अनुच्छेद 108) और इसकी अध्यक्षता लोकसभा के अध्यक्ष द्वारा या उनकी अनुपस्थिति में लोकसभा के उपाध्यक्ष द्वारा या उनकी अनुपस्थिति में राज्यसभा के उपसभापति द्वारा की जाती है।
अनुपूरक प्रश्न (Supplementary Question)
▪️सदन में किसी सदस्य द्वारा अध्यक्ष/सभापति की अनुमति से किसी विषय पर दिए गए जवाब का स्पष्टीकरण के लिए अनुपूरक प्रश्न पूछने की अनुमति प्रदान करता है। संसद या विधानसभा में प्रश्नकाल (Question Hour) के दौरान किसी मंत्री द्वारा तारांकित प्रश्न (Starred Question) का मौखिक उत्तर देने के बाद, सदस्य द्वारा उसी विषय पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए पूछा गया अनुवर्ती (follow-up) प्रश्न होता है। ये बिना पूर्व सूचना के पूछे जा सकते हैं, और इनका उद्देश्य मामले पर अधिक जानकारी या स्पष्टता प्राप्त करना होता है।
अल्प सूचना प्रश्न
▪️अत्यावश्यक सार्वजनिक महत्व के मामले से संबंधित एक प्रश्न, जो एक सदस्य द्वारा पन्द्रह स्पष्ट दिनों से कम समय के नोटिस के साथ प्रश्न पूछने का कारण बताते हुए मौखिक उत्तर के लिए कहा जाता है।
विघटन
▪️लोकसभा या विधानसभा के कार्यकाल पूर्ण होने या किसी सरकार के बहुमत न होने के कारण क्रमश राष्ट्रपति या राज्यपाल द्वारा निम्न सदन का विघटन किया जाता है। इससे लोकसभा/विधानसभा भंग हो जाती है तथा निर्वाचन आयोग द्वारा पुनर्निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाती है।
तारांकित प्रश्न
▪️सदन में किसी प्रश्न का जवाब सदस्य तुरंत सदन में चाहता है उसे तारांकित प्रश्न कहा जाता है। जिसका उत्तर संबंधित मंत्री को सदन में मौखिक रूप से देना होता है। इन प्रश्नों पर एक तारांकन चिह्न *️⃣ लगा होता है, जिससे इन्हें पहचाना जा सके। ऐसे उत्तरों के बाद सदस्य अनुपूरक प्रश्न (Supplementary Questions) भी पूछ सकते हैं।एक दिन में अधिकतम 20 प्रश्नों के मौखिक उत्तर मांगे जा सकते हैं।
अतारांकित प्रश्न
▪️सदन में 15 दिन के पूर्व नोटिस से पूछा गया वह सवाल है जिसका उत्तर संबंधित मंत्री द्वारा लिखित रूप में दिया जाता है। इन प्रश्नों पर सदन में मौखिक बहस नहीं होती, न ही कोई अनुपूरक (supplementary) प्रश्न पूछा जा सकता है। एक दिन में अधिकतम 230 अतारांकित प्रश्न सूचीबद्ध।
सदन में व्यवस्था (Point of Order)
▪️संसद या विधानसभा की कार्यवाही के दौरान नियमों के उल्लंघन पर ध्यान आकर्षित करना है।'व्यवस्था के प्रश्न' पर अंतिम निर्णय अध्यक्ष (Speaker) या सभापति (Chairman) का होता है, और इस पर कोई बहस नहीं होती।
पदेन (Ex-officio)
▪️पद धारण करने के कारण। किसी पद पर होने के कारण स्वतः ही किसी दूसरे पद या जिम्मेदारी को प्राप्त कर लेना।उदाहरण के लिए, उपराष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं, यानी उपराष्ट्रपति बनते ही वे स्वतः सभापति भी बन जाते हैं।
निर्वाचन मंडल
▪️विशेष मतदान(राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, राज्यसभा) के मकसद से गठित निर्वाचकों का विशेष समूह । जैसे- राष्ट्रपति के चुनाव के लिए संसद तथा विधानसभाओं से निर्वाचित सदस्य निर्वाचक मंडल का गठन करते है
न्यायिक समीक्षा(Judicial Review)
▪️विधायिका का बनाया गया कानून संविधान के मुताबिक है या नहीं, इसकी न्यापालिका जांच करती है अगर क़ानून संविधान सम्मत नहीं है तो अंशतः या पूर्णतः उसको शून्य घोषित कर सकती है। इसे ही न्यायिक समीक्षा कहा जाता है ।
प्रभुसत्ता संपन्न (संप्रभुता)
▪️जहां देश आंतरिक और बाह्य मामलों में पूरी तरह स्वतंत्र हो और किसी बाह्य शक्ति से किसी देश के निर्णय प्रभावित न हों/ निर्भर न हो।
निषेधाधिकार (Veto)
▪️राष्ट्रपति द्वारा सोच-विचार के बाद किसी विधायी अधिनियम पर अपनी अस्वीकृति/अनिश्चित काल तक निलंबन (पॉकेट वीटो)। जिससे करने से अधिनियम कानून का रुप नहीं ले पाता ।
निंदा प्रस्ताव
▪️सरकार की गलत नीतियों की आलोचना करने के लिए सदन के किसी भी सदन में निंदा प्रस्ताव लाया जा सकता है ।
गिलोटिन
▪️वह संसदीय प्रक्रिया जिसमें सभी मांगों को जो नियत तिथि तक नहीं निपटाई गई हो बिना चर्चा के ही मतदान के लिए रखा जाता है।(चर्चा का गला घोंटना)
कॉकस (Caucus)
▪️किसी राजनीतिक दल अथवा गुट के प्रमुख सदस्यों की बैठक को कॉकस कहते हैं। मुख्यतः साम्यवादी दलों में इन प्रमुख सदस्यों द्वारा तय की गई नीतियों से ही पूरा दल संचालित होता है।
सचेतक
▪️राजनीतिक दल में दलीय अनुशासन (सदन के भीतर व बाहर) बनाए रखने के लिए सचेतक की नियुक्ति हर दल द्वारा की जाती है।
धर्म निरपेक्ष
▪️जहां राज्य द्वारा धर्म के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता तथा किसी एक धर्म को विशेष लाभ नहीं दिया जाता तथा सभी धर्मों को समान रूप से देखा जाता है।
लोकतंत्र
▪️संविधान व सरकार की सारी शक्तियां जनता से प्राप्त होती हैं। प्रतिनिधियों का चुनाव जनता द्वारा किया जाता है । दूसरे रूप में कह सकते हैं कि लोकतंत्र जनता का, जनता के द्वारा और जनता के लिए है।
समाजवाद
▪️ऐसी व्यवस्था जिसमें उत्पादन और वितरण का स्वामित्व राज्य के नियंत्रण में रहता है। हर एक से उसकी योग्यता के अनुसार, हर एक को उसके काम के अनुसार। (From each according to his ability, to each according to his contribution).
साम्यवाद
▪️हर एक से उसकी योग्यता के अनुसार, हर एक को उसकी आवश्यकता के अनुसार।
(From each according to his ability, to each according to his needs).
गणराज्य
▪️ राज्य का प्रमुख वंशानुगत न होकर एक निश्चित अवधि के लिए जनता द्वारा निर्वाचित व्यक्ति होता है।
पॉर्क बैरल (Pork barrel)
अमेरिकी राजनीति में प्रतिनिधि सरकारी धन का उपयोग अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय परियोजनाओं के लिए करते हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को प्रभावित कर वोट हासिल करना होता है।जो 19वीं सदी में सूअर का मांस रखने वाले बैरल से संबंधित था।
लॉग रॉलिंग
▪️अमेरिकी प्रतिनिधि सदन में नेताओं या विधायकों द्वारा एक-दूसरे के विधेयकों (Bills) का समर्थन करने का आपसी समझौता, ताकि दोनों के हित के कार्य पूरे हो सकें (जैसे- 'तुम मेरा बिल पास कराओ, मैं तुम्हारा कराऊंगा')।
फ़िलीबस्टर
▪️(विशेषकर अमेरिकी सीनेट) के सदस्य किसी कानून या निर्णय पर मतदान में देरी करने या उसे रोकने के लिए जानबूझकर अत्यधिक लंबा भाषण देते हैं या अड़चनें पैदा करते हैं। 1957 में साउथ कैरोलिना के सीनेटर ने 24 घंटे से अधिक समय तक भाषण दिया, जो रिकॉर्ड में सबसे लंबा व्यक्तिगत फ़िलिबस्टर है
Post a Comment